पेयजल समस्या पर खाली घड़े और बाल्टियां लेकर प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत : ग्रामीण
सेरबलोनी पंचायत के किरबीं गांव में सात दिन से नहीं आ रहा पानी
ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से समस्या के समाधान की रखी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र नादौन और बड़सर की सीमा के साथ लगती सेरबलोनी पंचायत के किरबीं गांव में पेयजल समस्या बनी हुई है। गांव में सात दिन में नियमित रूप से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समस्या इतनी बढ़ गई है कि लोग प्रदर्शन करने को मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से कई बार समस्या के समाधान के लिए गुहार लगाई, लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया है। पेयजल समस्या से परेशान ग्रामीणों ने रविवार को खाली घड़े और बाल्टियां लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान उन्होंने जल शक्ति विभाग से समस्या के समाधान की मांग की। लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत की थी। बावजूद इसके जल शक्ति विभाग समस्या का समाधान नहीं कर पाया है। पेयजल समस्या के कारण लोगों को दैनिक कार्यों के पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है। प्रभावित लोगों ने कहा कि जब आधे गांव में पानी की सप्लाई ठीक आ रही है तो आधे गांव में पानी की दिक्कत क्यों है। अभी तो गर्मियां शुरू नहीं हुई हैं और पानी की समस्या शुरू हो गई है। लोगों ने जल शक्ति विभाग से जल्द राहत दिलाने की मांग की है।
कोट
-पानी की समस्या ध्यान में आई है। नए पेयजल टैंक के निर्माण के कारण कुछ दिक्कत आ रही थी। एक या दो दिन के भीतर पानी की समस्या का समाधान हो जाएगा।-राजीव सहगल, अधिशासी अभियंता, जल शक्ति विभाग नादौन