बिझड़ी (हमीरपुर)। उत्तर भारत के दो प्रसिद्ध शक्तिपीठों ज्वालाजी और दियोटसिद्ध को जोड़ने वाली दियोटसिद्ध-ज्वालाजी-सलौणी सड़क पर जगह जगह गड्ढे पड़ने की वजह से सोहारी के पास बारिश के चलते काफी पानी भर रहा है। इसके चलते वाहन चालकों विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।
सुहारी के पास यह सड़क बिलकुल ही संकरी है और दोनों तरफ निकासी नालियों का निर्माण भी नहीं हुआ है। लोगों के रिहायशी मकानों के साथ-साथ खेत भी हैं। इस स्थल पर पानी सड़क के बीचों-बीच जमा हो गया है। जिस कारण राहगीरों व वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पैदल सफर करने वाले राहगीरों को भी दिक्कतें पेश आ रही हैं।
हालांकि लोक निर्माण विभाग में ऐसे स्थानों को चिह्नित किया हुआ है और कई जगह पर सड़क को ऊंचा कर टाइलें भी लगा दीं गई हैं लेकिन फिलहाल इस स्थल पर अभी तक यह कार्य नहीं हो पाया है। इसके चलते परेशानी हो रही है। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेंद्र सिंह ने कहा कि समस्या उनके ध्यान में है। वहां पर सड़क को ऊंचा कर नालियों का निर्माण करवाया जाएगा।