एनआईटी हमीरपुर में विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने पेश किए प्रोटोटाइप
राज्यपाल और पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रोटोटाइप स्थल का किया अवलोकन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर में आयोजित शिक्षा महाकुंभ 6.0 में देशभर के प्रतिभागियों ने सुरक्षा, कृषि, सामाजिक विकास, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ब्लॉकचेन और नेटवर्किंग जैसे क्षेत्रों से जुड़े 350 नवाचार आधारित प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए।
इनका उद्देश्य तकनीक के माध्यम से आम लोगों की सुविधाएं बेहतर बनाना और विभिन्न समस्याओं का समाधान तलाशना है। प्रदर्शनी में पहली से बारहवीं कक्षा तक के 100 विद्यार्थी, यूजी और बीटेक के 200 विद्यार्थी तथा पीएचडी के 50 शोधार्थी भाग ले रहे हैं।
उत्पाद बुद्धिमत्ता और सप्लाई मैपिंग जैसे विषयों पर आधारित नवाचार भी प्रदर्शित किए गए। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और कांगड़ा के लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
उन्होंने प्रतिभागियों से उनके प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और भविष्य में संभावित इस्तेमाल के बारे में जानकारी ली। अतिथियों ने कहा कि विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार से जुड़े ऐसे आयोजन विद्यार्थियों और शोधार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक तकनीकी समाधानों में बदलने का मंच प्रदान करते हैं। इससे समाज की जरूरतों को पूरा करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाली तकनीक विकसित करने में मदद मिल सकती है।
बाक्स:
18 के करीब राज्यों से प्रतिभागी ले रहे भाग
शिक्षा महाकुंभ में देशभर के 32 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों और 23 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान के अलावा अन्य निजी संस्थानों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गोवा, हैदराबाद, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल राज्यों के प्रतिभागी उपस्थित हुए हैं।