बड़सर(हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय बड़सर में चार वर्ष पूर्व बनाए गए दो मंजिला भवन का आज तक इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। बड़सर महाविद्यालय में साल 2018 में दो मंजिला भवन बनकर तैयार हुआ। इस भवन में उस समय कैंटीन शुरू करने की बात कही गई। लेकिन अब चार वर्ष बीत जाने के बावजूद एक करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया यह भवन उपयोग में नहीं लाया जा रहा।
इस भवन में दो बड़े हॉल और दो कमरे बनाए गए हैं। जिन्हें कॉलेज प्रशासन के अनुसार अब कक्षा कक्ष के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। बड़सर महाविद्यालय में वर्तमान समय में 1,200 के करीब विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। वहीं इस बारे में कॉलेज प्राचार्य अश्वनी कुमार ने कहा कि यह भवन वर्ष 2018 में बनकर तैयार हुआ। लेकिन किसी तकनीकी खराबी के कारण यह भवन हिमुडा ने कॉलेज को नहीं सौंपा। हालांकि अब यह भवन कॉलेज को सौंपा गया है। अभी हाल ही में इसका इस्तेमाल चुनावों के दौरान स्ट्रांग रूम के तौर पर किया गया था। जैसे ही यह कमरे पूरी तरह खाली हो जाएंगे, उसके बाद यहां पर कक्षाएं शुरू की जाएंगी।