मामले में बड़सर थाना में अलग से केस दर्ज, जांच जारी
संवाद न्यूज एजेसी
हमीरपुर। सदर थाना के तहत एक ही रात में दो गाड़ियां चोरी होने के मामले में नया खुलासा हुआ है। शातिरों ने इस रात बड़सर थाना क्षेत्र के बणी में शराब ठेके से हजारों रुपये की नकदी की चोरी को वारदात को अंजाम दिया था। प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि शातिरों ने चुराई गई गाड़ी का प्रयोग चोरी में किया है। इस मामले में बड़सर थाना में अलग से केस दर्ज किया गया है।
24 जून की रात को एक गाड़ी की चोरी होने की शिकायत गांव वरोह के सुनील कुमार ने दी है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने कार को अपने घर के नजदीक वैग हाउस के पास खड़ा किया था और रात को गाड़ी चोरी हो गई। गाड़ी को ढूंढते हुए जब थोड़ी दूर आगे बढ़े तो एक अन्य गाड़ी सड़क किनारे पार्क मिली। इस गाड़ी की खिड़कियां और शीशे खुले हुए थे। इसी दौरान मौके पर कार का ढूंढते हुए कार का मालिक मनीष कुमार निवासी वार्ड नंबर आठ, न्यू नगर हाउस, जिला हमीरपुर भी पहुंच गया। मनीष ने बताया कि उसकी कार भी 24 जून की रात को चोरी हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अभी चुराई गई दूसरी गाड़ी ट्रेस नहीं हो पाई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि एक ही आरोपियों ने तीनों वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।