बारिश से निर्माणाधीन कमरा हुआ क्षतिग्रस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। बारिश से नादौन शहर में दस दुकानों में सप्ताह में दूसरी बार पानी और कीचड़ भर गया। इससे दुकानदारों का नुकसान हुआ है। दुकानदारों ने बताया कि करीब एक सप्ताह पूर्व भी उनकी दुकानों में पानी भर गया था। उनकी दुकानों से थोड़ा ऊंचाई पर ज्वालामुखी मार्ग पर बस अड्डा के निकट एक तीखा मोड़ है। जहां ढलान के कारण बस अड्डा की ओर से आने वाला पानी तथा मलबा जमा हो जाता है। यही पानी फिर उनकी दुकानों की ओर बहना शुरू कर देता है। कुछ समय पूर्व नगर परिषद ने यहां जंगले को हटवाकर सफाई भी करवाई थी। उसके बाद भी फिर यहां पानी आ गया है। नगर परिषद अध्यक्ष शम्मी सोनी ने बताया कि समस्या के समाधान का प्रयास किया गया है।
बारिश के कारण दंगड़ी के रूपाहल गांव में निर्माणाधीन कमरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घर के मालिक गुरध्यान सिंह ने बताया कि पंचायत के माध्यम से मकान बनाने के लिए जो अनुदान मिला था, उससे वह एक कमरे का निर्माण करवा रहा था। परंतु लगातार हो रही बरसात के कारण उनका निर्माणाधीन कमरा क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना के कारण उसे करीब ढाई लाख रुपये का नुक्सान हुआ है। तहसीलदार रोहित कंवर ने बताया कि हल्का पटवारी को नुकसान की रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये बतौर फौरी राहत प्रदान किए गए हैं।