हमीरपुर। जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक में वीरवार को लावारिस पशुओं की वजह से हो रहे सड़क हादसों और हमलों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। मुख्यालय स्थित बचत भवन में भोरंज के विधायक सुरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रशासनिक, पुलिस और विभागीय अधिकारियों सहित समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में गैर सरकारी सदस्यों की ओर से उठाई गई जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। सुरेश कुमार ने कहा कि समिति का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को सदस्यों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीण सड़कों के निर्माण और मरम्मत, पेयजल आपूर्ति, बस सेवाओं, लावारिस पशुओं की समस्या सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
उन्होंने नादौन क्षेत्र में नेशनल हाईवे निर्माण के बाद बढ़ी सड़क दुर्घटनाओं और जलभराव की समस्या, गलोड़ अस्पताल के विस्तार, विभिन्न गांवों में पेयजल समस्या सहित अन्य मामलों पर संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। एडीसी अभिषेक गर्ग ने विभिन्न समस्याओं का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती, एसपी बलवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।