हमीरपुर। सीनियर सिटीजन काउंसिल हमीरपुर ने कैंसर मरीजों को दी जाने वाली सहायता राशि भी एक लाख से बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी है। यह राशि चार किस्तों में उपलब्ध कराई जाएगी।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में चार कैंसर मरीजों और एक ब्रेन ट्यूमर मरीज को सहायता राशि की पहली किस्त के रूप में 50-50 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं, एक महिला मरीज के उपचार के लिए स्वीकृत एक लाख रुपये में से 25 हजार रुपये की पहली किस्त दी गई।
इसके अलावा अन्य मरीजों को भी उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई गई। काउंसिल के अध्यक्ष भगवान दास शास्त्री ने बताया कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार के लिए 11.75 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
मरीजों को उपचार के बिल प्रस्तुत करने के बाद सहायता राशि चरणबद्ध तरीके से जारी की जाएगी। काउंसिल मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में भर्ती मरीजों को प्रतिदिन तीन समय निशुल्क भोजन उपलब्ध करवाती है। इसके अलावा जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए भी सहयोग दिया जाता है।