पूर्व में बजट का अभाव, बाद में प्रशासन की लापरवाही से लटका काम
शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक का नहीं हुआ कायाकल्प
स्मारक स्थल पर युद्ध स्मारक का निर्माण कार्य है प्रस्तावित
पिछले डेढ़ वर्ष से स्मारक में अस्त व्यस्त पड़ी है निर्माण कार्य सामग्री
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। मां भारती की रक्षा में बलिदान हुए जवानों के सम्मान के लिए निर्माणाधीन युद्ध स्मारक हमीरपुर उदासीनता का शिकार हो गया है। डेढ़ वर्ष बाद भी स्मारक की हालात सुधर नहीं पाई है। बजट में अभाव के चलते डेढ़ वर्ष से कार्य अटका हुआ है। जिला पुलिस हमीरपुर ने भी कारगिल विजय दिवस पर इस स्मारक का रखरखाव करने का जिम्मा लिया था लेकिन यहां हालात जस के तस हैं। बलिदानियों के सम्मान के लिए बनाए जा रहे युद्ध स्मारक में चारों और घास, झाड़ियां और निर्माण कार्य सामग्री पड़ी हुई है जो स्मारक की देखरेख लचर व्यवस्था को बयां कर रही है। डेढ़ वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग ने युद्ध स्मारक का निर्माण कार्य आरंभ किया था ताकि शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा की स्मारक के साथ जिला हमीरपुर के अन्य बलिदानी सैनिकों को भी सम्मान दिया जा सके।
जुलाई में आयोजित कारगिल विजय दिवस के दौरान जिला प्रशासन के साथ पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इस दौरान जिला पुलिस ने स्मारक के रखरखाव और प्रत्येक माह यहां एक से दो बार श्रमदान करने का जिम्मा लिया था लेकिन वर्तमान में हालात विपरीत हैं। शहीद स्मारक पर जगह-जगह कांटे और झाड़ियां उगी हैं। स्मारक तक पहुंचने के लिए रास्ते की भी हालत ठीक नहीं है। पूर्व सैनिकों वीर सिंह रणौत, जीवन दास, प्रीतम चंद, सूबेदार मेहर चंद, निक्का राम, धर्मचंद, नेकराम आदि ने कहा कि विभाग की ओर से निर्माण कार्य में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। इससे देश की सुरक्षा में बलिदान देने वाले सैनिक के सम्मान को ठेस पहुंच रही है।
स्वीकृत बजट खर्च हो चुका है। बचे हुए कार्य को पूरा करने के लिए बजट की जरूरत है। इस विषय पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
संजय कटोच, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग।
-पुलिस प्रशासन की ओर से प्रत्येक माह स्मारक का रखरखाव और साफ-सफाई करवाई जाती है। विशेष तौर पर पुलिस कर्मी स्मारक स्थल पर जाकर सफाई करते हैं। कचरे के निपटान का कार्य नगर परिषद और निर्माण कार्य सामग्री का जिम्मा लोक निर्माण विभाग के अधीन आता है।
भगत सिंह ठाकुर, एसपी हमीरपुर