सुबह 7:15 बजे से हमीरपुर बस अड्डा से दियोटसिद्ध के लिए रवाना हुई थी बस
भोटा बस अड्डा से 500 मीटर दूर एनएच तीन पर हुई बंद, वाहन चालकों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
डिडवीं टिक्कर/भोटा(हमीरपुर)। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों का बीच रास्ते में हांफने का सिलसिला जारी है। रविवार सुबह भोटा के राधा स्वामी सत्संग ब्यास चैरिटेबल अस्पताल के बाहर परिवहन निगम की बस खराब हो गई। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य की ओर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हमीरपुर डिपो की यह बस हमीरपुर से दियोटसिद्ध वाया शाहतलाई होकर जा रही थी। सुबह 7:15 बजे से बस हमीरपुर बस अड्डा से दियोटसिद्ध के लिए रवाना हुई लेकिन 7:45 के करीब भोटा बस अड्डा से 500 मीटर पीछे तकनीकी खराबी के चलते रुक गई। करीब आधे घंटे के बाद हमीरपुर डिपो की ओर से अतिरिक्त बस को भेजा गया। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बस के बीच एनएच में खराब होने से अन्य वाहन चालकों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दोपहर दो बजे के बाद मेकेनिकों ने बस की मरम्मत करके उसे हमीरपुर डिपो की वर्कशॉप तक पहुंचाया। यात्रियों सोनू, मोनिका, मीरा, सपना, प्रोमिला, अंजना, निखिल, प्रदीप आदि ने कहा कि बस सुबह 7:15 पर बस अड्डा हमीरपुर से निकली थी। आधे घंटे के बाद बस भोटा में खराब हो गई। चालक-परिचालक बस की मरम्मत करते रहे लेकिन बस ठीक नहीं हुई। ऐसे में यात्रियों के लिए अतिरिक्त बस को बुलाना पड़ा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर डिपो की यह बस प्रतिदिन नौ बजे शाहतलाई पहुंच जाती थी लेकिन रविवार को बस 10 बजे शाहतलाई पहुंची। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की ओर से प्रतिदिन बिना जांच किए रूट पर खराब बसों को भेज दिया जाता है। इससे यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस बारे में एचआरटीसी मंडल हमीरपुर के डीएम राजकुमार पाठक ने कहा कि बस में तकनीकी खराबी के चलते यह बंद हो गई थी। यात्रियों की सुविधा के लिए रूट पर डिपो की ओर से अतिरिक्त बस को भेज दिया गया था ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य की ओर जाने में परेशानी का सामना न करना पड़े।