संवाद न्यूज एजेंसी
बड़सर (हमीरपुर)। पांच माह पूर्व निर्मित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र दलचेहड़ा के भवन का रंग-रोगन लोर्कापण से पहले ही उखड़ना शुरू हो गया है। दीवारें भी बदहाल हैं। कमरों पर ताला लटका हुआ है। इस भवन का निर्माण 80 लाख रुपये से किया गया है।
सबसे बड़ी बात है कि भवन का निर्माण तो कर दिया गया है, लेकिन यहां पर अभी तक स्टाफ मौजूद नहीं है। लोगों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए 80 लाख रुपये की लागत से एक हॉल तीन कमरों का निर्माण किया गया है। इसमें तीन बेड की सुविधा मिलेगी। भवन का बाहरी दीवारों और सुरक्षा दीवार का रंग उखड़ना शुरू हो गया है। सुरक्षा दीवार के बाहर झाड़ियां उगना शुरू हो गई हैं।
इसके अलावा कहीं-कहीं पर ऐसे हालात हैं कि देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यह भवन कई वर्ष पुराना है। भवन के बाहर एक वाटर कूलर भी लगाया गया है, लेकिन उद्घाटन न होने के कारण यह भी शोपीस बना हुआ है। मुख्यमंत्री सुक्खू का गृह जिला होने के बाद भी उद्घाटन का इंतजार कर रहा भवन अपने हाल पर आंसू बहाने को मजबूर है।
लोगों ने आयुर्वेदिक स्वास्थ्य विभाग से इस भवन का शीघ्र उद्घाटन करने की मांग की है, ताकि इस भवन को प्रयोग में लाया जा सके। लोगों का कहना है कि भवन के बाहर किया गया सीमेंट भी उखड़ना शुरू हो गया है।
आयुर्वेदिक भवन बनकर तैयार हो गया है। मगर अभी तक इसका उद्घाटन नहीं हो पाया है। उद्घाटन न होने का कारण अभी तक समझ नहीं आ रहा है। स्वास्थ्य विभाग को इस बारे में संज्ञान लेना चाहिए। अगर शीघ्र इसका उद्घाटन नहीं किया गया तो यह भवन बदहाल हो जाएगा।
-ऋषि धीमान
आयुर्वेदिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस भवन पर लाखों रुपये खर्च किए गए हैं। धरातल पर इसकी हालत बहुत ही दयनीय हो गई है। यही हालात रहे तो आने वाले समय में यह भवन जर्जर हालत में पहुंच जाएगा। भवन पर खर्च किए लाखों रुपये बर्बाद हो जाएंगे।
-जसवीर पटियाल
लाखों रुपये से निर्मित भवन का उद्घाटन न होने के कारण इसका रंग उखड़ना शुरू हो गया है। कूलर की हालत भी बदहाल हो रही है। दीवारों का रंग फीका पड़ना शुरू हो गया है। समझ नहीं आता है कि लाखों रुपये की लागत से बने भवन का उद्घाटन क्यों नहीं हो रहा है।
-देशराज
सरकार और अधिकारियों को भवन के उद्घाटन को लेकर कदम उठाने चाहिएं। हालात यह हैं कि बाहर से रंग फीका और सीमेंट उखड़ना शुरू हो गया है। इस भवन पर करीब 80 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। भवन का लाभ मिलता नजर नहीं आ रहा है।
-मान सिंह
भवन का निर्माण पूर्ण हो चुका है, लेकिन अभी तक इसका उद्घाटन नहीं हो पाया है। भवन के उद्घाटन को लेकर उच्चाधिकारियों से पत्राचार किया गया है। उम्मीद है कि शीघ्र ही इसका उद्घाटन हो जाएगा।
-बृजनंदन, जिला आयुष अधिकारी, हमीरपुर
मान सिंह
मान सिंह
मान सिंह
मान सिंह