भोटा (हमीरपुर)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोटा में दो दिनों के भीतर 10 विद्यार्थियों के पीलिया की चपेट में आने से हड़कंप मच गया है। एक साथ कई विद्यार्थियों में लक्षण सामने आने से अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है।
इनमें से एक छात्र अस्पताल में उपचाराधीन है, जबकि नौ विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। जमा एक कक्षा के एक छात्र का उपचार राधास्वामी अस्पताल भोटा में चल रहा है। अन्य विद्यार्थियों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
बीते शुक्रवार को स्कूल में अचानक सात विद्यार्थियों में पीलिया के लक्षण दिखाई दिए थे। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को सूचित कर उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोटा भेजा, जहां जांच में पीलिया की पुष्टि हुई।
इसके अगले दिन शनिवार को तीन और विद्यार्थियों में भी इसी तरह के लक्षण पाए गए। इनमें से दो को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि एक छात्र को राधास्वामी चैरिटेबल अस्पताल में भर्ती करना पड़ा।
लगातार मामलों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम स्कूल पहुंची और विद्यार्थियों की जांच की। टीम ने स्कूल परिसर से पानी के दो सैंपल लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट सोमवार तक आने की संभावना है।
इससे पहले जल शक्ति विभाग द्वारा लिए गए पानी के सैंपल सामान्य पाए गए थे, बावजूद इसके एक साथ 10 विद्यार्थियों के बीमार होने से अभिभावकों की चिंता बनी हुई है।
स्कूल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने विद्यार्थियों को साफ-सफाई का ध्यान रखने और उबला हुआ पानी पीने की सलाह दी है।
कोट्स
स्कूल में 10 विद्यार्थी पीलिया की चपेट में आए हैं। स्कूल में पानी की जांच के लिए सैंपल भरवाए हैं। जल शक्ति विभाग की जांच में पानी के सैंपल ठीक हैं। अब स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट आना बाकी है।
-सनम, प्रधानाचार्य, भोटा स्कूल
नौ विद्यार्थियों को उपचार के बाद घर भेज दिया है। एक विद्यार्थी अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है। पानी का सैंपल लिया गया है। स्कूल के अन्य विद्यार्थियों को भी पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है।
-अरविंद टंडन, बीएमओ बड़सर