हमीरपुर बाजार में बढ़ते तापमान बीच गर्मी से राहत पाने के लिए जूस पीती स्कूली छात्राएं। संवाद
आंखों पर भी पड़ रहा बुरा प्रभाव
नदी नालों का पानी सूखा, कई क्षेत्रों में गहराया पेयजल संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिला हमीरपुर में प्रचंड गर्मी के प्रकोप से लोग बेहाल हैं। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से भी पार पहुंच गया है। लू चल रही है। इससे लोगों का घरों के बाहर निकलना बंद हो गया है। आवश्यक कार्य करने वाले लोग ही बाजार में पहुंच रहे हैं। लू के कारण लोगों की आंखों और त्वचा पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। जिला में प्रचंड गर्मी के कारण अब लोगों ने घरों से बिना वजह बाहर निकलन भी बंद कर दिया है। छतों के पंखे भी गर्म हवा दे रहे हैं। जंगलों में लगी आग के कारण वातावरण में चारों ओर धुंआ है, जिससे सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है और गर्माहट महसूस हो रही है।
प्रचंड गर्मी के कारण जिला स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है और घरों से अति आवश्यक कार्य पड़ने पर ही निकलने का आग्रह किया है। कई दिनों से जिले में बारिश नहीं हुई है। पेड़ पौधे पूरी तरह से मुरझा गए हैं। नदी नालों का पानी भी कम हो गया है। इससे कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही। लोग पानी के लिए दो-दो किलोमीटर दूर जाने को मजबूर हो रहे हैं। लोगों रमेश, जीत, नरेंद्र, विरेन, पूजा, दिव्या आदि ने कहा कि गर्मी के कारण बेहाल हो गए हैं। बच्चों को स्कूल भेजना आफत बना हुआ है। इस बारे में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि लू से कई बीमारियां होती है। इसलिए लोगों से आग्रह है कि बिना वजह घरों से बाहर न निकलें और खूब पानी पीएं। शरीर के तापमान को कम करने का कार्य करें।