हमीरपुर। निर्माण कार्यों में नियमों के उल्लंघन के चार अलग-अलग मामलों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) विभाग ने 6 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। मट्टनसिद्ध में राष्ट्रीय राजमार्ग और बाईपास चौक के पास चल रहे निर्माण कार्यों के संबंध में टीसीपी विभाग के मंडल कार्यालय हमीरपुर के नियोजन अधिकारी की ओर से तीन लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं।
उधर, नादौन तहसील के टिल्लू मुहाल में चल रहे निर्माण कार्य पर भी कड़ा संज्ञान लेते हुए नादौन के नियोजन अधिकारी ने तीन लोगों को नोटिस जारी किए हैं। इन सभी नोटिसों में संबंधित लोगों को 15 दिन के भीतर अवैध निर्माण को हटाने तथा संबंधित जमीन पर पूर्व की स्थिति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।