टौणी देवी (हमीरपुर)। टौणी देवी से हमीरपुर वाया ककड़ियाल, कालेअंब सड़क की हालत काफी खस्ता है। गड्ढों से भरी इस सड़क पर दोपहिया वाहन चालकों का आवागमन मुश्किल हो गया है। सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए हैं, यहां पर कई वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं।
इस खराब सड़क का असर स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और अन्य यात्रियों पर भी पड़ रहा है। वाहन चालक कई बार इन गड्ढों से बचने के चक्कर में सड़क पर दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। स्थानीय लोगों में अमरदीप राणा, राय चौहान, विजय कुमार, पवन कुमार आदि ने सड़क की मरम्मत की मांग की है, ताकि यहां के लोग सुरक्षित तरीके से यात्रा कर सकें।
उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत नहीं होने से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी मुश्किल हो रही है। उन्होंने बताया कि एनएच 03 के निर्माण कार्य से पहले से ही लोग परेशान हैं। अब इस सड़क की बदहाल स्थिति ने लोगों को परेशान कर दिया है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से इस समस्या को जल्द से जल्द हल करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि अगर प्रशासन जल्द ही इस पर कार्रवाई नहीं करता है, तो दुर्घटनाओं में वृद्धि हो सकती है।
यह सड़क काफी खराब हो गई है। समय पर मरम्मत नहीं हो रही है। इस सड़क पर दोपहिया वाहन चलाना तो बहुत मुश्किल हो गया है।
-कपिल, स्थानीय दुकानदार
लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं हुई। बरसात में सड़क की हालत और भी खराब हो गई है। आए दिन वाहन चालक हादसे का शिकार होते हैं।
-अनुज, स्थानीय दुकानदार
एनएच 03 निर्माण से पहले ही सड़क की हालत खराब है। अब सड़क पर बने गड्ढों ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है। गड्ढों को भरा जाना चाहिए।
-सुरेंद्र, स्थानीय निवासी
यहां पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोक निर्माण विभाग को समस्या का समाधान करना चाहिए। जल्द से जल्द यहां पर टारिंग की जानी चाहिए।
-सतीश, स्थानीय निवासी
कोट
सड़क की मरम्मत के लिए टेंडर किया गया है। मार्च तक सड़क को चकाचक कर दिया जाएगा। लोगों को बेहतर सड़क सुविधा दी जाएगी।
-नीतिश, एसडीओ, लोक निर्माण विभाग, टौणी देवी
कपिल
कपिल
कपिल
कपिल