चकमा देने के लिए नंबर प्लेट से की जा रही छेड़छाड़
यातायात पुलिस ने की ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई, काटे 12 चालान
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन/कांगू (हमीरपुर)। आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के ऑनलाइन चालान से बचने के लिए वाहन चालक नंबर प्लेट पर टेपिंग कर रहे हैं। जिला में टेपिंग कर नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने का चलन पुलिस के लिए भी आफत बन गया है। हालांकि, पुलिस ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। नादौन थाना पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को पिछले दिनों चिह्नित किया है।
राष्ट्रीय मार्ग नादौन हमीरपुर पर स्थानीय पंजाब नेशनल बैंक के निकट पुलिस विभाग के आईटीएमएस कैमरे में कई ऐसे वाहन दर्ज हुए हैं जिन्होंने नंबर प्लेट को या तो मोड़ दिया था या फिर काले रंग की टेप लगाई थी ताकि कैमरे में नंबर को पढ़ा न जा सके। नादौन पुलिस ने अब वाहन की नंबर प्लेट पर अंकित नंबरों से छेड़छाड़ करने वाले दोपहिया वाहन चालकों सहित अन्य वाहनों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर है। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों पर पैनी नजर रखी है। इससे पहले भी पुलिस प्रशासन यातायात के नियमों का उल्लंघन करने और नंबर प्लेट पर अंकित नंबरों से छेड़छाड़ करने तथा उस पर टेपिंग करने वालों के चालान कर चुकी है। बीते दिनों ऐसे 20 के करीब वाहन चालकों के चालान किए जा चुके हैं। थाना प्रभारी नादौन बीआर शर्मा ने कहा कि जल्द ही वाहनों की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
रविवार को पुलिस ने काटे 12 चालान
यातायात प्रभारी एसआई नरेश कुमार ने अपनी टीम सहित ऐसे वाहन चालकों पर कड़ा शिकंजा कसा है। एक ही दिन में करीब 12 चालान काट कर इन वाहन चालकों के विरुद्ध जुर्माना लगाया गया है। विभाग के कैमरे से बचने के लिए विशेष तौर पर दोपहिया वाहन चालकों ने या तो नंबर प्लेट ही उतार दी है या फिर नंबर प्लेट पर टेप चिपका रखी है ताकि कैमरा उनके नंबर को पढ़ न पाए। ऐसे भी कई वाहन चालकों के चालान किए गए हैं।