ताल (हमीरपुर)। पांच वर्ष बीत जाने के बाद भी ताल से बुमाणा सिद्धपुर सड़क की मरम्मत नहीं हो पाई है। करीब पांच किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग की हालत दयनीय बनी हुई है।
जगह-जगह बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और खराब हो गई है।
ताल से भोटा को जोड़ने वाली यह सड़क आसपास की करीब दर्जनभर पंचायतों के ग्रामीणों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों की आवाजाही का प्रमुख मार्ग है। सड़क के कई हिस्सों में तारकोल उखड़ चुकी है और सतह टूटने से छोटे गड्ढे अब बड़े हो गए हैं।
बारिश के दौरान जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है। पांच किलोमीटर सड़क का आधा हिस्सा लोक निर्माण विभाग के कैहडरू अनुभाग और दूसरा हिस्सा बड़सर के तहत आता है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत को लेकर दोनों क्षेत्रों में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से सड़क का निरीक्षण करवाकर जल्द मरम्मत करवाने की मांग की है।
कोट्स
सड़क का साढ़े तीन किलोमीटर भाग कैहडरू अनुभाग में पड़ता है। बरसात के बाद सड़क पर बने गड्ढों पर पैचवर्क करवा दिया जाएगा, ताकि समस्या का समाधान हो सके।
-सुमित ठाकुर, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग, कैहडरू अनुभाग
सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। बारिश में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति का पता नहीं चलता। कई बार वाहन चालक हादसे का शिकार होने से बचे हैं। विभाग को जल्द सड़क की मरम्मत करवानी चाहिए।
-राकेश कुमार, निवासी साहनवीं
ताल से भोटा आने-जाने के लिए रोज इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं। गड्ढों के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया है और इससे वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। पांच साल से सड़क की मरम्मत का इंतजार है।
-वीरेंद्र पटियाल, निवासी ताल
सड़क से कई पंचायतों के लोग रोजाना आवाजाही करते हैं। बरसात में समस्या और बढ़ जाती है। संबंधित विभाग को सड़क का निरीक्षण करवाकर प्राथमिकता के आधार पर समस्या का समाधान करना चाहिए।
-विवेक पटियाल, निवासी बुमाणा
।-राकेश कुमार,निवासी साहनवीं
।-राकेश कुमार,निवासी साहनवीं
।-राकेश कुमार,निवासी साहनवीं
।-राकेश कुमार,निवासी साहनवीं