नादौन(हमीरपुर)। बस अड्डा नादौन के साथ 100 करोड़ से बन रहे बहुउद्देशीय खेल परिसर में स्विमिंग पूल का निर्माण राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मानकों पर सही नहीं हुआ है। इसमें कई कमियां पाई गई हैं। इसके अलावा शूटिंग रेंज परिसर में शौचालय ही नहीं बनाय गया।
शनिवार को निर्माणाधीन खेल परिसर का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल विशेषज्ञों ने निरीक्षण किया। इसमें जिला खेल अधिकारी पूर्ण कटोच की अगुवाई में एसडीएम नादौन राकेश शर्मा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान निरीक्षण टीम ने बहुउद्देशीय खेल परिसर निर्माण में होने वाली विभिन्न खेलों के बारे में विचार-विमर्श कर अपने सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि बहुउद्देशीय खेल परिसर में स्विमिंग पूल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों व नियमों पर आधारित नहीं है। इसके कारण यहां प्रतिस्पर्धाएं करवाना असंभव होगा, क्योंकि इसकी लंबाई 25 मीटर और चौड़ाई 21 मीटर रखी गई है, जबकि इसकी लंबाई कम से कम 50 मीटर और चौड़ाई 25 मीटर होना आवश्यक है।
वहीं, भूतल पर बनाई गई शूटिंग रेंज परिसर में शौचालय की सुविधा ही नहीं रखी गई है। ऐसे में शूटिंग खिलाड़ी प्रथम तल पर बने शौचालय का प्रयोग करने के लिए कम से कम 50 किलोग्राम की शूटिंग किट डालकर नहीं जा पाएंगे। विशेषज्ञों ने कहा कि अभी निर्माण चल रहा है, इसलिए सुधार किया जा सकता है। उन्होंने सुझाव दिया है कि स्विमिंग पूल के लिए परिसर में बाहर की ओर भी काफी भूमि उपलब्ध है, जहां इसे बनाया जा सकता है। वहीं, शूटिंग रेंज का भी हल निकाला जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है, इसलिए इसमें कोई भी कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह बहुत भव्य परिसर बनने जा रहा है। इस अवसर पर बैडमिंटन के राष्ट्रीय कोच राजेंद्र शर्मा, वॉलीबाल के राष्ट्रीय कोच जागीर सिंह रंधावा, हॉकी कोच तवी चौहान सहित रविंदर सिंह पटियाल, सुमित ठाकुर व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
बयान: -
इस संबंध में जिला खेल अधिकारी पूर्ण कटोच ने कहा कि निर्माण कार्य में जो कमियां पाई गई हैं, उनकी जानकारी उच्चाधिकारियों को भेजी गई है, ताकि सुधार किया जा सके।
-एसडीएम राकेश शर्मा ने कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों के अनुसार कमियों को दूर करने का पूरा प्रयास किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।