फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुजानपुर: आसमान में हजारों लोगों ने देखे विमानों के हैरतअंगेज करतब, सेना के जांबाजों ने दिखाया अद्भुत कौशल

Thu, 26 Mar 2026 08:36 PM IST
Krishan Singh संवाद न्यूज एजेंसी, सुजानपुर(हमीरपुर)।

सार

 एयर शो के दूसरे दिन गुरुवार को वायु सेना के जांबाजों के करतब देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। शो के दूसरे दिन भी स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विज्ञापन
आसमान में हजारों लोगों ने देखे विमानों के हैरतअंगेज करतब। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा के मैदान के ऊपर एयर शो के दूसरे दिन गुरुवार को वायु सेना के जांबाजों के करतब देखने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी। शो के दूसरे दिन भी स्थानीय विधायक कैप्टन रणजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रामनवमी की छुट्टी के कारण सुजानपुर, हमीरपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों के साथ ही कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर, धीरा और पालमपुर तथा मंडी जिले के संधोल क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग एयर शो देखने के लिए पहुंचे। सुबह 10:55 बजे जब सूर्य किरण एरोबेटिक टीम के नौ हॉक एमके-132 जेट विमानों ने एक साथ दनदनाते हुए सुजानपुर के आसमान में प्रवेश किया, तो मैदान में उमड़े हजारों लोगों ने तालियों से जांबाज अधिकारियों एवं पायलटों का स्वागत किया। हल्की धूप के साथ छाए हल्के बादलों को चीरते हुए विमानों ने सुजानपुर के ऊपर से गुजरते हुए सामने धौलाधार की धवल पहाड़ियों की ओर उड़ान भरी तो लोगों ने अद्भुत रोमांच का अनुभव किया। 25 मिनट के शो में भारतीय वायु सेना के इन जांबाजों ने कई फॉर्मेंशन्स बनाकर रोमांच, गति, नियंत्रण और आपसी समन्वय की एक शानदार झलक पेश की।

विज्ञापन

 

सबसे पहले इन्होंने भारतीय वायु सेना के हल्के स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस के आकार की फॉर्मेशन बनाई। इसके बाद विश्व के बेहतरीन लड़ाकू विमानों में शुमार सुखोई के आकार की फॉर्मेशन में उड़ान भरी। इसके बाद डायमंड, डीएनए, हृदय और अन्य आकृतियां बनाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हवा में कई कलाबाजियां करना, 90 डिग्री के कोण पर ऊपर की उड़ना और फिर इसी डिग्री पर नीचे की ओर आना, विमानों के समूह के बीच में से एक विमान के दनदनाते हुए गुजरना, 360 डिग्री पर रोल करना और आसमान में सूर्य की किरणों जैसी छटा बिखेरने जैसे कई करतब दिखाकर वायु सेना के इन कुशल अधिकारियों एवं पायलटों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अपनी आखिरी फॉर्मेशन में इन जांबाजों ने तीर की आकृति में उड़ान भरते हुए बलिदानी विंग कमांडर नमांश स्याल को नमन करते हुए विदा ली।

इस दौरान सूर्य किरण एरोबेटिक टीम की कमेंटेटर फ्लाइट लेफ्टिनेंट कंवल संधू ने बहुत ही प्रभावशाली ढंग से इस एयर शो की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाई तथा इस टीम के अधिकारियों का परिचय करवाया। स्क्वॉड्रन लीडर संजेश सिंह ने ग्राउंड ड्यूटी की जिम्मेदारी निभाते हुए पायलटों के साथ समन्वय स्थापित किया। इस मौके पर सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य एवं वायु सेना की वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन रचना जोशी ने डीसी गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

एयर शो के प्रति लोगों में दिखा भारी उत्साह : राठौड़
सुजानपुर (हमीरपुर)। एयर शो के आयोजन के लिए वायु सेना का आभार व्यक्त करते हुए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि इसके प्रति लोगों में भारी उत्साह नजर आया और इसमें उम्मीद से ज्यादा भीड़ उमड़ी। इसमें सुजानपुर और हमीरपुर के अलावा साथ लगते जिला कांगड़ा और मंडी के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। 
विज्ञापन

आसमान में हजारों लोगों ने देखे विमानों के हैरतअंगेज करतब। - फोटो : संवाद
एक घंटे तक जाम में फंसे रहे लोग
सैनिक स्कूल सुजानपुर के मैदान में एयर शो समाप्त होने के बाद लोगों को अपने गंतव्य की ओर जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सुजानपुर हमीरपुर सड़क के सिंगल लेन होने से एक घंटे तक गाड़ियां जाम में फंसी रहीं। पुलिस कर्मियों को जाम खुलवाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया गया, जिसके बाद हालात सामान्य हुए। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें