पहले यूजी कक्षाओं मे दाखिले के लिए 19 जून तक का समय किया था निर्धारित
अब विद्यार्थियों की मांग पर प्रदेश विश्वविद्यालय ने बढ़ाई दाखिले की तिथि
पूर्व में निजी कारणों से दाखिला न ले पाने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। स्नातक प्रथम वर्ष में किन्ही कारणों से दाखिला न पाने वाले विद्यार्थी अब सात जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से दाखिला ले सकेंगे। प्रदेश विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की मांग पर आवेदन तिथि को बढ़ा दिया है। विद्यार्थी महाविद्यालय में आकर अपनी मर्जी के अनुसार किसी भी संकाय में ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश ले सकेंगे।
पूर्व में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को दाखिले के लिए 19 जून तक का समय दिया गया था, लेकिन कुछेक विद्यार्थी परीक्षा परिणामों सहित अन्य निजी कारणों से दाखिला लेने से छूट गए थे। ऐसे में अभिभावक लगातार विश्वविद्यालय से प्रवेश तिथि को बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इस पर प्रदेश विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए दाखिला तिथि बढ़ाई है।
जिला हमीरपुर के पांच विधानसभा क्षेत्रों में सात महाविद्यालय हैं। सभी महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया तीन जून से शुरू हुई है। विद्यार्थियों को दाखिले के संबंध में एक सामान निर्देश जारी हुए थे। अब सभी में एक समान दाखिले होंगे। पूर्व में हुए दाखिलों में कई महाविद्यालय में कम ही विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। विभिन्न संकायों की तय सीटें भी खाली रह गई हैं। इस कारण भी कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए आवेदन तिथि को बढ़ाया गया है। दाखिला प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अगले दिन से विद्यार्थियों की सुचारु कक्षाएं शुरू होंगी।
कोट
यूजी स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिला तिथि सात जुलाई तक बढ़ गई है। निजी कारणों से दाखिला न ले पाने वाले विद्यार्थी महाविद्यालयों में आसानी से दाखिला ले सकेंगे। इसके बाद महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की सुचारु रूप से कक्षाएं चलेंगी।-डॉ. प्रमोद पटियाल, प्राचार्य, हमीरपुर महाविद्यालय