हमीरपुर। जिले के छह शिक्षा खंडों के 415 स्कूलों में निपुण उत्सव आयोजित किया जाएगा। उत्सव में पहली से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के सीखने के स्तर की जांच होगी। इसके लिए विद्यार्थियों के लिखित और मौखिक टेस्ट लिए जाएंगे।
साथ ही निपुण भारत मिशन के तहत स्कूलों में करवाई गई गतिविधियों की समीक्षा भी की जाएगी। उत्सव के आयोजन के लिए प्रत्येक स्कूल को 1250 रुपये जारी किए गए हैं। इसके तहत कुल 5,18,750 रुपये का बजट जारी हुआ है।
निपुण मेलों के दौरान करवाई गई गतिविधियों की उपलब्धियों का भी आकलन किया जाएगा। विद्यार्थियों में बुनियादी साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को बढ़ावा देने के लिए भाषाई एवं रचनात्मक गतिविधियां, कला एवं कौशल विकास, गणितीय एवं मानसिक गतिविधियां तथा शारीरिक एवं सामाजिक विकास से जुड़ी गतिविधियां करवाई जाएंगी।
इसके अलावा थीम आधारित स्टॉल और प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। अभिभावक-शिक्षक बैठक के साथ विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।
जिलेभर के स्कूलों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत निपुण भारत मिशन के अंतर्गत पहले भी विभिन्न गतिविधियां और निपुण मेले आयोजित किए गए हैं। वर्ष 2027 में अभियान के समापन से पहले इन गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है, ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र में इन्हें और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
कोट
जिलेभर के प्राथमिक स्कूलों में निपुण उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के आयोजन को लेकर बजट राशि जारी कर दी गई है। प्रभारियों को आयोजन को लेकर दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
-नवीन, उपनिदेशक, गुणवत्ता नियंत्रक सह परियोजना अधिकारी समग्र शिक्षा