हमीरपुर। प्रदेशभर के निजी और सरकारी स्कूलों में दाखिल विद्यार्थी आरो स्कॉलर एप पर पंजीकृत होंगे। विद्यार्थियों के पंजीकृत होने के बाद विद्यार्थियों को एप पर अपना खाता बनाकर केवाईसी करानी होगी। एप पर कक्षानुसार पहली से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन क्विज का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को 10 मिनट में 10 प्रश्नों को करना होगा। यदि विद्यार्थी एक बार क्विज को हल नहीं कर पाते तो इसके लिए विद्यार्थियों को दो अतिरिक्त मौके भी मिलेंगे। ऑनलाइन क्विज के दौरान 10 में आठ प्रश्नों का सही उत्तर देने पर विद्यार्थियों को 50 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। इसके बाद यह बढ़ती जाएगी। माह में विद्यार्थी 1000 तक छात्रवृत्ति हासिल कर सकेंगे। प्रत्येक माह विद्यार्थियों के चार वार सभी विषयों की ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता होगी।
आरो स्कॉलर एप पर एक समय में पांच विद्यार्थी एक नंबर पर पंजीकरण करवा सकते हैं। वहीं ऑनलाइन क्विज के दौरान विद्यार्थियों का एप पर कैमरा और माइक ऑन रहेगा, ताकि विद्यार्थी नकल न कर सकें। एप पर विद्यार्थी किसी भी समय किसी भी फोन से ऑनलाइन क्विज में भाग ले सकते हैं। ऑनलाइन क्विज के बाद विद्यार्थी एप खाता में जमा हुई राशि को अपने बैंक अकाउंट में आसानी से ट्रांसफर कर सकेंगे। अरविदों सोसायटी की ओर से आरो स्कॉलर एप के माध्यम से प्रदेशभर के निजी एवं सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए यह छात्रवृत्ति कार्यक्रम शुरू किया गया है ताकि विद्यार्थी स्कूल में पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी भाग ले सकें। सोसायटी का मुख्य उद्देश्य स्कूल स्तर पर शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाना, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बढ़ाना तथा उन्हें स्वयं सीखने का वातावरण प्रदान करना है। इस बारे में अरविदों सोसायटी के प्रदेश नोडल अधिकारी विजय कुमार तिवारी ने कहा कि प्रदेशभर के निजी एवं सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आरो स्कॉलर एप के माध्यम से छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। छात्रवृत्ति के लिए पहली से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए उनके पाठ्यक्रम से आधारित ऑनलाइन क्विज खेलने के अवसर दिए जाएंगे। प्रश्नों के हल पर उन्हें छात्रवृत्तियां प्राप्त होंगी।