झोरघाट में बनाया गया पुल जिससे बिझड़ीं के लोगों को आने जाने की सुविधा होगी (संवाद)
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाड़ा से डंगार वाया झोरघाट सड़क मार्ग पर पुल का निर्माण पूरा हो गया है। वर्ष 2022 में पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ और अब इसे पूरा कर लिया है। पुल के निर्माण कार्य के लिए 6.87 लाख रुपये की राशि मंजूर हुई थी। अब यहां के वासियों को शिमला जाने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
इससे पहले बरसात आने पर इन ग्रामीणों को शिमला जाने के लिए वाया बरठीं या फिर बिझड़ीं से होकर जाना पड़ता था। अब पुल का निर्माण कार्य पूरा हो जाने पर लोग सीधे हमीरपुर शिमला हाईवे से जुड़ गए हैं। इससे 5 किलोमीटर की दूरी तय कर डंगार में शिमला-हमीरपुर फोरलेन पर बस पकड़ सकते हैं। बिझड़ी से डंगार के लिए चलाई गई मुद्रिका बस इसी पुल से होकर गुजरेगी। झोरघाट व बिझड़ी के ग्रामीणों के लिए यह सफर अब सस्ता पड़ेगा। पहले इन क्षेत्रवासियों के लिए बस सुविधा भी नहीं थी, अब हाल ही में जो मुद्रिका बस बरठीं डंगार मैहरे होकर चली है।
वह इसी पुल से होकर निकलेगी। शुक्रखड्ड पर यह पुल बना है और क्षेत्र की पांच पंचायतों के ग्रामीणों को इसका लाभ होगा। इसी सड़क मार्ग पर प्रसिद्ध कुलजा माता मंदिर झोरघाट भी है। जहां पर हर वर्ष हजारों लोग माथा टेकने पहुंचते हैं, उनको भी पुल बन जाने से सुविधा मिलेगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेंद्र कुमार ने बताया कि इस पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। जिससे क्षेत्र वासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।