हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पड़ते बल्ह गांव के चेकडैम में नहाने गया 11वीं कक्षा का छात्र डूब गया है। डैम के बाहर नाबालिग के जूते और कपड़े मिले हैं। पुलिस को इससे नाबालिग के डैम में डूबने का अंदेशा है। नाबालिग के साथ नहाने गए अन्य तीन नाबालिगों ने भी पुलिस को उसके डूबने के बयान दिए हैं। एसएचओ संजीव गौतम की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर जाकर छानबीन शुरू कर दी। आदित्य कुमार (15) पुत्र हरि सिंह गांव बाग चौकी डाकघर कुठेड़ा बीते वीरवार को अपने गांव से बल्ह गांव में बने चेकडैम में नहाने आ गया।
वीरवार शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। वहीं, ग्रामीणों को बल्ह डैम के चेकडैम के बाहर उसके कपड़े और जूते मिले। वीरवार देर शाम को परिजनों ने पुलिस थाना सदर में इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम भी रात को ही मौके पर रवाना हो गई। शुक्रवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस थाना सदर में पहुंचा और पुलिस दल से बच्चे को ढूंढने की गुहार लगाई। नाबालिग जिला मुख्यालय के एक निजी स्कूल में ग्यारहवीं कक्षा का छात्र है। इस पर एसएचओ सदर की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। शुक्रवार शाम तक नाबालिग की तलाश जारी रही, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया है। उधर, थाना प्रभारी संजीव गौतम का कहना है कि नाबालिग के कपड़े और जूते डैम के बाहर मिले हैं। उसके साथ नहाने गए नाबालिगों ने उसके डैम में डूबने के बयान दिए हैं। पुलिस घटनास्थल पर लड़के की तलाश कर रही है।