सुजानपुर (हमीरपुर)। कस्बे में एक बुजुर्ग को दोपहिया वाहन से टक्कर मारकर भागने वाले युवक को सुजानपुर पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सुजानपुर पुलिस थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री ने कहा कि सुजानपुर वार्ड नंबर 4 निवासी राजाराम (65) वीरवार दोपहर बाद 3 बजे अपने घर से सुजानपुर के डोली बाजार नजदीक मस्जिद के पास आवाजाही कर रहा था। उसी दौरान एक दोपहिया वाहन चालक बुजुर्ग को टक्कर मारकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल वृद्ध व्यक्ति को सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंचाया। जहां उसे प्रथम उपचार देने के बाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद वाहन चालक की तलाश शुरू की। वाहन चालक को हेड कांस्टेबल अनूप कुमार और टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद ढूंढ निकाला है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य लोगों से पूछताछ करके आरोपी युवक को पकड़ लिया गया है। घायल बुजुर्ग अब खतरे से बाहर है। उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।