संस्कृत महाविद्यालय चकमोह में प्राध्यापकों की नियुक्ति न होने पर धरना प्रदर्शन करते अखिल भारती?
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद संस्कृत महाविद्यालय चकमोह इकाई ने कॉलेज में प्राध्यापकों की नियुक्ति न होने पर बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। लंबे समय से रिक्त चल रहे प्राध्यापकों के पद भरने को लेकर यह धरना 3 घंटे तक चला। जिसके चलते तीन घंटे तक कॉलेज में कक्षाएं प्रभावित रहीं। छात्रों की मांग को देखते हुए प्राचार्य सामने आए तथा उनके आश्वासन के बाद धरना स्थगित किया गया।
एबीवीपी चकमोह इकाई अध्यक्ष राजन शर्मा का कहना है कि महाविद्यालय में प्राध्यापकों की नियुक्ति को लेकर विद्यार्थी परिषद ने प्रदर्शन किया है। कालेज प्रशासन की ओर से शीघ्र ही दो प्राध्यापकों की नियुक्ति का आश्वासन मिलने के बाद धरना खत्म कर दिया गया है। एसडीएम बड़सर प्रदीप कुमार ने कहा कि इस विषय में पहले से ही कार्रवाई शुरू की जा चुकी है। विश्वविद्यालय से पैनल की नियुक्ति के बाद निर्धारित तिथि को साक्षात्कार के बाद दो प्राध्यापकों की नियुक्ति कर दी जाएगी। प्रधानाचार्य डॉ धनी राम ने कहा कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों को प्राध्यापकों की शीघ्र नियुक्ति के बारे में बता दिया गया है। आश्वासन के बाद छात्रों का धरना समाप्त हो गया है।