हमीरपुर। हिमाचल पथ परिवहन निगम के बस अड्डे भोटा में अतिक्रमण हटाने के चंद घंटे बाद ही कुछ लोगों ने दोबारा से अतिक्रमण कर लिया। लेकिन, प्रशासन ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए रात को ही मौके पर पहुंच कर अतिक्रमणकारियों को मौके से खदेड़ दिया। मंगलवार देर रात्रि को खोखाधारकों ने हटाए गए अतिक्रमण की जगह पर दोबारा कब्जा करना शुरू कर दिया था। निगम के तकनीकी प्रबंधक को जब इसका पता चला तो वह अपनी टीम, एसडीएम और पुलिस दल के साथ रात साढ़े आठ बजे बस अड्डे आ पहुंचे और अवैध कब्जा कर रहे खोखाधारकों पर दोबारा कार्रवाई शुरू कर दी।
ऐसे में खोखाधारक निगम की टीम को देखकर भौचक्के रह गए। किसी को इस तरह की उम्मीद नहीं थी। निगम की टीम ने खोखों के आगे किए जा रहे अतिक्रमण के सामान को फिर अपने कब्जे में ले लिया। निगम की यह कार्रवाई रात 10 बजे तक जारी रही। निगम के तकनीकी प्रबंधक ने खोखाधारकों को सख्त चेतावनी दी है कि अगर उन्होंने अतिक्रमण करना बंद नहीं किया गया तो उनके खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम के तकनीकी प्रबंधक ने मंगलवार दोपहर को आधा दर्जन खोखाधारकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका सामान जब्त किया था, लेकिन संबंधित खोखा धारकों ने रात के अंधेरे में दोबारा अतिक्रमण करना शुरू कर दिया था। इसके चलते दिन में दो बार अतिक्रमण पर यह कार्रवाई की गई है। जिसकी क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है। क्षेत्र के लोग भी निगम के तकनीकी प्रबंधक की कार्रवाई से काफी खुश नजर आए। भोटा बाजार में अतिक्रमण पर जब भी कार्रवाई हुई है, उसके बाद अगले दिन से ही खोखाधारक दोबारा अतिक्रमण शुरू कर देते थे। हालांकि इस बार ऐसा नहीं हो पाया है।
बयान-
बस अड्डे में दोबारा अतिक्रमण करने वाले खोखाधारकों पर देर रात्रि दोबारा कार्रवाई की गई है। खोखाधारकों को सख्त हिदायत दी गई है कि अगर दोबारा अतिक्रमण करते हुए पकड़े गए तो उनके खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। भोटा बस स्टैंड की जल्द ही निशानदेही की जाएगी और अड्डे की आठ मरले भूमि को भी कवर करके चारदीवारी लगाई जाएगी।
-हरिकेश मीणा, उपायुक्त हमीरपुर।