थाई द मोड में कार के साथ टक्कर में क्षतिग्रस्त हुआ ट्राला।
- फोटो : Hamirpur-HP
रंगस(नादौन)। थाना क्षेत्र नादौन के तहत जोलसप्पड़ गांव के पास थाई द मोड पर कार और ट्राला में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस टक्कर में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि दोनों वाहनों की टक्कर में सवारों को चोटें नहीं आई हैं।
टक्कर के बाद ट्राला मालिक ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर जांच अधिकारी अनिल कुमार की अगुवाई में पहुंची टीम ने छानबीन की। बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे कुल्लू से मटर लादकर देहरा जा रहे ट्राले की टक्कर दूसरी तरफ से आ रही कार से हो गई। जिसमें दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन हादसे में किसी को भी कोई शारीरिक चोट नहीं लगी।
कार का चालक मौके से फरार हो गया। ट्राला चालक मुकेश कुमार पुत्र जियालाल गांव नारी डाकघर बाबा रूद्र नंद तहसील और जिला ऊना ट्राला का स्वयं मलिक भी है, ने बयान दर्ज करवाया है कि उपरोक्त कार तेज रफ्तार से नादौन से हमीरपुर की ओर जा रही थी और अनियंत्रित होकर ट्राले से टकरा गई। इससे ट्राला तथा कार को काफी नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी नीरज राणा ने कहा कि कार चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।