विभाग ने ठेकेदार को पुल निर्माण में तेजी लाने के लिए दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू(हमीरपुर)। लोक निर्माण विभाग के राज्य गुणवत्ता नियंत्रक एवं डिजाइन इंजीनियर-इन-चीफ सुरिंद्र पाल जगोता ने शुक्रवार को बस्सी से तताहर सड़क पर डली में बन रहे पुल के निर्माण का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडी और हमीरपुर को जोड़ने के लिए सीर खड्ड पर 4.16 करोड़ रुपये की लागत से 44.33 मीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य जारी है। दिसंबर 2025 में शुरू हुए इस पुल का करीब 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
निरीक्षण के दौरान सुरिंद्र पाल जगोता के साथ मुख्य अभियंता हमीरपुर दिवांकर पठानिया, एससी डिजाइन हमीरपुर दिनकर, सहायक अभियंता डिजाइन नवदीप सिंह, लोक निर्माण विभाग मंडल भोरंज के अधिकारी राजेश कुमार और कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने निर्माण कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया और इसे संतोषजनक पाया। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि बरसात के मौसम से पहले पुल तैयार हो सके।
लोक निर्माण विभाग ने इस पुल का निर्माण जुलाई माह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। भरेड़ी अनुभाग के कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार ने बताया कि विभाग के उच्च अधिकारियों ने निर्माण का निरीक्षण किया है और तय समयसीमा के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए हैं।