नादौन कन्या स्कूल की छात्रा ने कला उत्सव में प्रथम स्थान हासिल किया है।
- फोटो : Hamirpur-HP
नादौन। राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन की जमा 2 विज्ञान की छात्रा दीप ज्योति कौंडल पुत्री हेमराज कौंडल गांव बेला ने राज्यस्तरीय कला उत्सव की पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। स्कूल के अध्यापक नरेश मलोटिया ने कहा कि अब यह छात्रा राष्ट्र स्तरीय कला उत्सव में भाग लेंगी और पेंटिंग में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
यह कला उत्सव भारत सरकार की ओर से हमारे देश, प्रदेश या समाज की कला, संस्कृति और सभ्यता की अद्भुत और अभूतपूर्व धरोहर के संवर्धन और संरक्षण के लिए प्रतिवर्ष भारत में विद्यालय स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित किया जाता है। संस्कृत अध्यापक नरेश मलोटिया शास्त्री ने कहा कि 15 से 17 दिसंबर के बीच हुए ऑनलाइन राज्यस्तरीय कला उत्सव की 4 प्रतियोगिताओं में राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन की जिलाभर में प्रथम आईं चार छात्राओं दीप ज्योति कौंडल, श्रुति ठाकुर, रिमझिम और आकांक्षा धीमान ने जिला हमीरपुर का प्रतिनिधित्व किया। जिसमें विद्यालय की दीप ज्योति कौंडल ने पेंटिंग प्रतियोगिता में राज्यभर में प्रथम स्थान, वाद्य यंत्र वादन प्रतियोगिता में श्रुति ठाकुर ने तृतीय स्थान और शास्त्रीय संगीत में रिमझिम ने तृतीय स्थान प्राप्त करके जिला सहित अध्यापकों, अभिभावकों और नादौन शहरवासियों का नाम रोशन किया है। प्रधानाचार्या मीना कुमारी ने सभी बच्चों को उनकी कड़ी मेहनत और विशेष लग्न के लिए बधाइयां और शुभकामनाएं दीं तथा विद्यालय की अन्य छात्राओं को भी कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।