नादौन(हमीरपुर)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू के आदेशानुसार नादौन में राज्य स्तरीय पुस्तकालय के निर्माण के लिए प्रशासन द्वारा कवायद आरंभ कर दी गई है। राज्य स्तरीय पुस्तकालय के निर्माण के लिए यशपाल साहित्य सदन भवन परिसर को चुना गया है।
यहां पुराने भवन को गिराकर नए भवन के निर्माण की योजना है। जिसमें वाईफाई इंटरनेट और ऑनलाइन पुस्तकालय सहित समस्त आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सोमवार को एसडीएम अपराजिता चंदेल की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। इसमें लोक निर्माण विभाग के एसडीओ देशराज, जिला भाषा अधिकारी को निक्कू राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा यशपाल साहित्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. रतन चंद शर्मा, डॉ. रतन चंद रत्नाकर, डॉ. सुशील गौतम, डॉ. ओपी शर्मा, विवेक शर्मा भी उपस्थित रहे। रतन चंद शर्मा ने कहा कि नए भवन में साहित्यकारों, लेखकों के लिए विशेष प्रबंध किए जाएं और उनके यहां रहने की व्यवस्था के लिए कम से कम चार कमरों की व्यवस्था रहे। इसके साथ ही यहां लाइब्रेरियन सहित पूरा स्टाफ उपलब्ध हो ताकि यहां के पुस्तकालय में उपलब्ध अति दुर्लभ पुस्तकों और पांडुलिपियों को सहेज कर रखा जा सके। उन्होंने आग्रह किया कि जिस उद्देश्य के लिए यह सदन बनाया गया था, उसके वास्तविक स्वरूप के साथ कोई छेड़छाड़ न हो। उन्होंने इस प्रयास के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस संबंध में एसडीएम अपराजिता चंदेल ने कहा कि बैठक में पुस्तकालय निर्माण के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि इस संबंध में रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेजी जाएगी।