बड़सर (हमीरपुर)। सिविल अस्पताल बड़सर में वरिष्ठ सहायक, जूनियर अकाउंट्स ऑफिसर (जेएओ) और वार्ड शिफ्टर का एक-एक पद लंबे समय से रिक्त है। जरूरी प्रशासनिक और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी के चलते अस्पताल के कार्यालयी, वित्तीय और वार्ड संबंधी काम प्रभावित हो रहे हैं। उपलब्ध कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ रहा है।
अस्पताल में चिकित्सकों की संख्या लगभग पूरी है लेकिन प्रशासनिक और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी के कारण रोजमर्रा के कामकाज और वार्ड व्यवस्था के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है, ताकि अस्पताल का कामकाज सुचारू होने के साथ मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बीएमओ बड़सर डॉ. अरविंद टंडन ने कहा कि रिक्तियों की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। पदों को भरने की प्रक्रिया विभागीय स्तर पर की जानी है।