सुजानपुर में ऐतिहासिक चौगान में पड़े गड्ढे। संवाद
सुजानपुर (हमीरपुर)। महाराजा संसार चंद की ऐतिहासिक धरोहर और प्रसिद्ध होली मेले के लिए पहचान रखने वाले सुजानपुर चौगान के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विस्तार के लिए स्थानीय लोगों ने विशेष बजट उपलब्ध करवाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि उचित रखरखाव के अभाव में चौगान की सुंदरता प्रभावित हो रही है। चौगान में प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, बुजुर्ग, महिलाएं और पर्यटक पहुंचते हैं। मैदान के चारों ओर पर्याप्त बैठने की व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी होती है।
वर्तमान में चौगान में जगह-जगह गड्ढे भी हो गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने चौगान की परिधि में आरामदायक बेंच लगाने की मांग की है। स्थानीय लोग सुरजीत, सरवण, नितिन, आशुतोष, संतोष आदि ने चौगान में कूड़ेदानों की संख्या बढ़ाने और उन्हें आकर्षक रूप देने की मांग की है, ताकि खुले में कूड़ा न फेंका जाए और ऐतिहासिक स्थल की स्वच्छता बनी रहे।
इसके अलावा मैदान की घास के नियमित रखरखाव, किनारों पर पौधरोपण और उचित प्रकाश व्यवस्था की मांग भी की गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि चौगान के रखरखाव और सौंदर्यीकरण के लिए नगर परिषद को अलग से विशेष अनुदान दिया जाना चाहिए।
कोट
चौगान की समय-समय पर मरम्मत करवाई जाती है और सफाई व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए सफाई कर्मचारी रोज वहां पर कार्य करते हैं।
-हर्षित शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सुजानपुर