हमीरपुर। पुलिस लाइन हमीरपुर में संयुक्त सलाहकार और कल्याण समिति की बैठक का आयोजन शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक रोहिन डोगरा, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी बड़सर लालमन तथा जिला पुलिस हमीरपुर के 48 पुलिस कर्मचारियों ने भाग लिया। सबसे पहले इस बैठक के दौरान जिला के पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित मुद्दों को सुना गया तथा सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया गया। इसके उपरांत अपराध बैठक आयोजित की गई।
इसमें पूर्व में घटित सभी अन्वेषणाधीन अभियोगों तथा कानून व व्यवस्था की गहनता से समीक्षा की गई। बैठक के दौरान समस्त पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों को लंबित अभियोगों के अन्वेषण को तुरंत पूर्ण करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। मादक पदार्थ विक्रेताओं व मादक पदार्थ उपलब्ध करने वालों, अवैध खनन, शराब तस्करी व अवैध कार्य करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान जारी रखने और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के संदर्भ में भी सभी को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार नियमित गश्त व नाकाबंदी करने तथा संदिग्ध गतिविधियों वाले सभी व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने और तुरंत कार्रवाई करने के लिए भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने प्रथम प्रत्युत्तरकर्ता विभाग होने के नाते सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में सतर्कता व सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए। जिले में गठित की गई बचाव व राहत टीमों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के भी सभी को निर्देश दिए गए। इस दौरान सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लोगों को भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्राओं से बचने तथा आपातकालीन यात्रा के मामले में सभी सावधानियां बरतने, जहां भूस्खलन का अंदेशा हो उस जगह से दूर रहने तथा नदी-नालों के पास न जाने के बारे में जागरूक करने के बारे में भी विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए।