हमीरपुर। जिलेभर के सात महाविद्यालयों में प्रथम वर्ष के विद्यार्थी प्रथम मेरिट सूची जारी होने के बाद फीस जमा करवाने के लिए कॉलेजों में पहुंच रहे हैं। शनिवार को सात महाविद्यालयों में 2,246 विद्यार्थियों ने फीस जमा करवाई। जिलाभर के महाविद्यालयों में प्रथम वर्ष में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय हमीरपुर में प्रथम वर्ष के विभिन्न संकायों के विद्यार्थी फीस जमा करवाने के लिए दिनभर कतारों में लगे रहे। कॉलेज में अभी तक प्रथम वर्ष के 1,200 विद्यार्थियों ने फीस के साथ अपने दस्तावेज जमा करवाए।
इसी क्रम में राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर में प्रवेश प्रक्रिया के लिए शनिवार अंतिम दिन निर्धारित किया गया है। प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से दिए गए निर्देशों में 15 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया होगी। कॉलेज में 400 के करीब छात्र-छात्राओं ने प्रवेश प्राप्त करने के बाद फीस जमा करवाने का कार्य पूरा किया। राजकीय महाविद्यालय धनेटा में 121, राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय नादौन में 350, राजकीय महाविद्यालय भोरंज में 230, राजकीय महाविद्यालय बड़सर में 45, बीबीएन कॉलेज चकमोह में 310 विद्यार्थियों ने फीस जमा करवाई। इस बारे में हमीरपुर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रमोद पटियाल ने कहा के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की दाखिला प्रक्रिया चली हुई है। विद्यार्थी कॉलेज में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक आकर फीस जमा करवा रहे हैं।