पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर मंडल ने लिया निर्णय
कोई भी पार्टी विरोधी कार्य नहीं किया : सौंधी
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन(हमीरपुर)। भारतीय जनता पार्टी मंडल नादौन की बैठक अध्यक्ष वीरेंद्र पठानिया की अध्यक्षता में रविवार को हुई। इसमें नगर पंचायत नादौन के भाजपा समर्थित सदस्यों की ओर से आए एक प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इस प्रस्ताव में भाजपा शहरी इकाई नादौन के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार सोंधी के खिलाफ नगर पंचायत के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा के विरोध में भूमिका निभाने के आरोप लगाए गए थे। इन आरोपों के चलते मंडल नादौन की बैठक में उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है।
भाजपा समर्थित नगर पंचायत नादौन में अध्यक्ष तरुण कपिल और उपप्रधान योगराज दोनों भाजपा समर्थित थे। यहां पर सात वार्डों में कांग्रेस की सिर्फ एक वार्ड में जीत हुई थी। बावजूद इसके कुछ माह पूर्व भाजपा समर्थित अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को कुर्सी से हटाकर कांग्रेस समर्थित पार्षद शम्मी सोनी को अध्यक्ष पद की कमान पांच पार्षदों के समर्थन से मिल गई। इस दौरान भाजपा समर्थित पूर्व इकाई अध्यक्ष राजकुमार सौंधी की पत्नी ऊषा सौंधी को उपप्रधान चुना गया। ऐसे में भाजपा समर्थित पार्षदों ने राजकुमार पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप लगाए हैं। पार्षदों ने भाजपा मंडल को दी शिकायत एवं प्रस्ताव में कहा था कि कांग्रेस पार्टी के इकलौते पार्षद को नगर पंचायत का अध्यक्ष तथा अपनी पत्नी को नगर पंचायत नादौन का उपप्रधान बनाने में राजकुमार ने अहम भूमिका निभाई। मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र पठानिया ने कहा कि कांग्रेस के पक्ष में खड़े होकर राजकुमार सौंधी को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने पर मंडल को इस बारे में लिखित रूप से शिकायत मिली थी। बैठक के दौरान राजकुमार सौंधी की सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया गया और उन्हें छह वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया। इस बारे में पूर्व शहरी इकाई अध्यक्ष राजकुमार सौंधी ने कहा कि उन्होंने कोई भी पार्टी विरोधी कार्य नहीं किया है। कुछ लोगों के कहने पर मंडल ने यह निर्णय लिया है। मंडल ने जो निर्णय लिया है उसका स्वागत है।