खतरवाड़ में जलकर राख हुआ स्लेटपोश मकान।
- फोटो : Hamirpur-HP
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत टिक्करी मिन्हासा में एक गरीब परिवार का आशियाना जलकर राख हो गया। दो मंजिला स्लेटपोश मकान में आग से पीड़ित परिवार को करीब सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ित परिवार को दस हजार रुपये की फौरी सहायता राशि दी है। वहीं, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
रविवार दोपहर 11 बजे राज कुमार पुत्र नंद लाल गांव खतरवाड़ के मकान में अचानक आग लग गई। घर से धुआं उठता देख आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और आग पर काबू पाने में जुट गए, लेकिन आग इतनी तेजी से बढ़ी कि सब जलकर राख हो गया। जब मकान में आग लगी तो उस समय घर में कोई नहीं था। मौके पर बीडीसी सदस्य अशोक ठाकुर, प्रधान एकता कुमारी, उपप्रधान पवन कुमार भी पहुंचे। बीडीसी सदस्य अशोक कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार गरीब है और बीपीएल से संबंध रखता है।
आग से करीब सात लाख के नुकसान का आकलन किया गया है। पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलवाया जाएगा। इस संबंध में विधायक कमलेश कुमारी से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलवाई जाएगी। एसडीएम भोरंज राकेश शर्मा ने कहा कि पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर 10 हजार रुपये की राशि दी गई है। प्रशासन की ओर से हर संभव मदद की जाएगी।