संवाद न्यूज एजेंसी
सलौणी(हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी के अंतर्गत जरल गांव में आग लगने से स्लेटपोश मकान, पशुशाला और रसोईघर जल गए। आग के कारण परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
पीडि़त मकान मालिक मनजीत सिंह ने कहा कि वह परिवार सदस्यों के साथ खेतों में काम करने गए थे। एकाएक घर से आग की लपटें उठने लगीं, जब आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो घर की ओर भागे और दमकल विभाग को सूचना दी। विभाग के आने तक सब कुछ जल गया था।
आग कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आग के कारण घर के अंदर रखा सारा सामान, रसोईघर के बर्तन और पशुशाला के अंदर रखी ईमारती लकड़ी और घास पूरी तरह से जल गया है। आग की घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुभाष ढटवालिया प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से 25,000 रुपये की तत्काल राहत राशि प्रदान की।
सुभाष ढटवालिया ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि आग से हुए नुकसान का आकलन कर उचित सहायता प्रदान की जाए।