रंगस में हुई सड़क दुर्घटना की जांच करती पुलिस टीम।
- फोटो : Hamirpur-HP
रंगस(हमीरपुर)। नादौन उपमंडल के रंगस गांव में नादौन-हमीरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक के नीचे आ जाने से एक छह वर्षीय लड़की की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान रचना (छह साल) पुत्री मनोज मुखिया, गांव शेर बिजोलिया तथा डाकघर बिजोलिया तहसील बहरी जिला दरभंगा बिहार के रूप में हुई है। वह रंगस के पास गांव खैरी स्थित बनाई झुग्गी में परिवार सहित रहती थी। कुछ दिन पूर्व ही वह बिहार से यहां आए थे।
शनिवार सुबह ही 10:30 बजे के करीब बच्ची जैसे ही सड़क पार करने लगी तो सीमेंट लेकर बरमाणा से नादौन की तरफ जा रहे ट्रक के टायर के नीचे आ गई। हादसा इतना खतरनाक था ट्रक के दोनों टायर बच्ची के ऊपर से गुजरे और मौके पर मौत हो गई। मौके पर प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार कांगू महेंद्र कुमार ने स्थानीय पटवारी तथा कानूनगो व पंचायत समिति सदस्य संतोष कुमारी की मौजूदगी में पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी नादौन नीरज राणा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज करके चालक को हिरासत में ले लिया है और बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर भेज दिया है।