नादौन (हमीरपुर)। सीएम सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े बाजार नादौन में ट्रैफिक दबाव और यातायात जाम से निपटने के लिए सुबह और शाम तीन-तीन अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात होंगे। ये पुलिस कर्मी सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
इसके साथ ही अतिक्रमण पर चोट के लिए प्रशासन और नगर परिषद ने योजना तैयार कर ली है। अतिक्रमण पर सामान्य तौर पर चालान की व्यवस्था से आगे बढ़कर स्थाई समाधान की ओर प्रयास होंगे। महज चालान ही नहीं बकायदा नोटिस जारी कर कानूनी कार्रवाई के तहत अतिक्रमणकारियों को सबक सिखाया जाएगा। इस संबंधी स्थानीय प्रशासन की ओर से नगर परिषद को निर्देश जारी किए गए हैं।
अमर उजाला की ओर से नादौन शहर में व्याप्त समस्याओं को एक-एक कर प्रकाशित किया गया। इन समस्याओं में लचर ट्रैफिक व्यवस्था, जाम का झाम, पार्किंग की असुविधा, सांकेतिक बोर्डों की कमी शामिल हैं। तमाम समस्याओं के उजागर होने के बाद प्रशासन की ओर से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। इन निर्णयों से आमजन को भी राहत मिलेगी और जाम की समस्या का निपटान होगा।
फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों पर नगर परिषद अब शिकंजा कसेगा। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्हें सामान तय सीमा तक रखने के निर्देश दिए जाएंगे। जल्द ही शहर में निरीक्षण किया जाएगा। यदि नगर परिषद की ओर से दी गई चेतावनी को अतिक्रमणकारी नहीं मानते हैं, तो उनका सामान जब्त किया जाएगा।
वहीं, पार्किंग की समस्या को लेकर भी प्रशासन गंभीर हुआ है। नादौन में नए प्रस्तावित बस अड्डा में पार्किंग का प्रावधान किया जाएगा। वहीं, शहर में सामान की लोडिंग और अनलोडिंग करने के लिए समय निर्धारित करने के बारे में भी प्रशासन की ओर से बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में दुकानदारों को भी बुलाया जाएगा।
एनएच विंग और एनएचएआई की लापरवाही लोगों पर भारी
नादौन बाजार में एनएच पर साइन बोर्ड न होना बड़ी मुसीबत है। खास बात यह है कि यह नादौन-होशियारपुर एनएच लोनिवि की एनएच विंग के पास है, जबकि नादौन-ज्वालाजी इन दिनों एनएचएआई के नियंत्रण में है। दोनों ही एजेंसियों की लापरवाही इस कद्र है कि अधिकारी जिम्मेवारी लेने तक के लिए तैयार नहीं है। इंद्रपाल चौक से दोनों ओर जाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं हैं।
कोट
पार्किंग की समस्या ध्यान में है। नए बस अड्डे का निर्माण प्रस्तावित है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नए बस अड्डे में पार्किंग की बेहतर सुविधा लोगों को प्राप्त हो। प्रशासन लोगों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए गंभीर है। सामान के लोडिंग और अनलोडिंग के लिए समय निर्धारण के बारे में जल्द ही दुकानदारों से बैठक की जाएगी।
-राकेश शर्मा, एसडीएम नादौन
अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमणकारियों को हिदायतें जारी कर दी हैं। जल्द ही शहर का निरीक्षण किया जाएगा। यदि फुटपाथ पर सामान मिलता है, तो उसे जब्त किया जाएगा।
-रमन कुमार, ईओ, नगर परिषद, नादौन
सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन गंभीर है। जाम की समस्या से निपटने के लिए सुबह और शाम तीन-तीन पुलिस कर्मियों की ड्युटी लगाई जाएगी।
-निर्मल सिंह, एसएचओ, थाना नादौन