नादौन(हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के साथ लगते बेला गांव में स्वर्णा देवी पत्नी स्व. प्रताप चंद की पशुशाला में आग लग जाने से करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
आग लगने का कारण शॉट सर्किट बताया जा रहा है। वीरवार देर सायं जब घर के लोग अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त थे, उस समय अचानक पशुशाला में आग की लपटें उठती देखी गई।
परिजनों का शोर सुनकर आसपास के लोगों ने आग को काबू कर आगे फैलने से रोक लिया। लेकिन तब तक पशुशाला में रखा घास व अन्य सामान जलकर राख हो गया। बताया जा रहा है कि जिस समय आग लगी उस समय पशु बाहर बरामदे में बंधे हुए थे। जिन्हें आसानी से वहां से हटा लिया गया। तहसीलदार अनिल मनकोटिया ने बताया कि हल्का पटवारी बलवीर को मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लेकर रिपोर्ट देने को कहा गया है।