सर्विस टैक्स बढ़ने से नगर परिषद हमीरपुर ने दुकानदारों का किराया 15 फीसदी बढ़ा दिया है जबकि रेहड़ी-फड़ी धारकों का मासिक शुल्क 600 रुपये से घटाकर 300 रुपये प्रतिमाह कर दिया है।
नप नुमाइंदों ने रेहड़ी-फड़ी धारकों पर दरियादिली दिखाई है तो दुकानों का किराया बढ़ाकर कारोबारियों को झटका दिया है। नप की मासिक बैठक में प्रस्ताव पर सहमति जताई है। बैठक का आयोजन नप अध्यक्ष सुलोचना देवी की अध्यक्षता में किया गया।
हमीरपुर शहर में कुल 158 दुकानें और 188 पंजीकृत रेहड़ी-फड़ी धारक हैं। नप की पिछली मासिक बैैठक में रेहड़ी-फड़ी धारकों का मासिक शुल्क 600 रुपये किया गया था, लेकिन विरोध के चलते रेहड़ी-फड़ी धारकों का मासिक शुल्क घटाकर 300 रुपये कर दिया है।
वहीं आईपीएच विभाग के सहयोग से शहर में पेयजल सप्लाई का समय निर्धारित करने का प्रस्ताव पास किया है। इसक एक सप्ताह के भीतर लागू कर दिया जाएगा। साथ ही बैठक में आईपीएच विभाग से टुल्लू पंप लगाने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करने की मांग की गई।
प्रस्ताव पास किया गया कि नप नुमाइंदे टुल्लू पंप लगाने वाले उपभोक्ताओं की सूचना आइपीएच को देंगे। आईपीएच अधिकारी मौके पर पहुंच कर संबंधित उपभोक्ता के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
नप की मासिक बैठक में नगर परिषद की अध्यक्ष सुलोचना देवी, उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज, पार्षद अनिल सोनी, अश्वनी कुमार, वीना कुमारी, मनोरमा लखनपाल, अनिल चौधरी, आशा रानी, अश्वनी शर्मा, खुशहाल जगोता आदि मौजूद रहे।
ये भी लिए गए निर्णय
1. हिमुडा के तहत बने फ्लेट्स को अपने अधीन लेगी नगर परिषद।
2. वार्ड नंबर 10 में करीब 10 कनाल भूमि में बनाया जाएगा पार्क।
3. वार्डों के सामुदायिक भवनों पर किया अतिक्रमण हटाएगी नप।
4. बीपीएल परिवारों के घरों की दीवारों पर लगाए जाएंगे सूचना बोर्ड।
5. शहर में अवैध विज्ञापनों को हटाएगी नगर परिषद, होगी कार्रवाई।
6. गलियों में लगेंगी एलईडी लाइटें, पुराने स्टॉक के बल्ब होंगे एक्सचेंज।
7. दिव्यांग और सामाजिक कार्य करने वाले लोगों की सूची तैयार करेगी नप।
8. वार्ड नंबर 11 में रास्ते को किया जाएगा चौड़ा, होगा पक्का।
9. सीवरेज कनेक्शन दुरुस्त करने को आईपीएच से की जाएगी मांग।