फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: हर हर महादेव के जयकारे से गूंजे शिवालय, हजारों ने नवाया शीश

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। जिलाभर में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। हर हर महादेव के जयकारों से शिवालय गूंज उठे। चारों तरफ माहौल भक्तिमय बना रहा। गांधी चौक पर कलाकारों ने झांकी के माध्यम से शिव महिमा का गुणगान किया। प्राचीन गसोता महादेव मंदिर, बिल्केश्वर महादेव मंदिर, शिवपुरी धाम समताना, आदिशिव धाम सुजानपुर, शिव मंदिर हमीरपुर में दिनभर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
विज्ञापन

गसोता महादेव मंदिर में सुबह तीन बजे से कतारें लगना शुरू हो गईं। रात 12 बजे तक श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने के लिए कतार में लगे रहे। मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष प्रकाश पटियाल ने कहा कि करीब 35 हजार लोगों ने गसोता महादेव मंदिर में दर्शन किए। रात को जागरण का आयोजन किया गया। दिनभर मंदिर में फलाहार व चाय बांटी गई। दर्शन करने के लिए तीन से चार घंटे तक कतार में लगना पड़ रहा था। शनिवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।


शिवपुरी धाम समताना में चार हजार के करीब श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। ग्राम पंचायत चमनेड़ में स्थित ऐतिहासिक बाबा बिल्केश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में सुबह चार बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर में स्थित 35 फीट ऊंची भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा पर गांव के समाजसेवी प्रकाश चंद शर्मा के सौजन्य से 151 किलोग्राम फूलों का हार चढ़ाया गया। इस अवसर पर विधायक सदर आशीष शर्मा की पत्नी स्वाति जार भी मुख्य तौर पर मौजूद रहीं। मंदिर कमेटी के मुख्य सलाहकार दुर्गा दास शर्मा ने कहा कि दिल्ली, कोलकाता और चीन से लाए गए फूलों के साथ मंदिर परिसर को सजाया गया है। शनिवार को यहां हवन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर मंदिर कमेटी के प्रधान सुरेश बबली, सचिव अनिल शर्मा, उपप्रधान राकेश शर्मा, कोषाध्यक्ष पुरषोतम शर्मा, बांकू राम शर्मा, मीडिया प्रभारी उमेश कुमार शर्मा, शुभम पठानिया सहित अन्य मौजूद रहे।
विज्ञापन






शिवपुरी धाम समताना में पार्थिव शिवलिंग महारुद्राभिषेक
बिझड़ी(हमीरपुर)। शिवपुरी धाम समताना में पिछले सात दिन से चल रहे शिव पुराण कथा और शुक्रदेव का पूजन एवं साधना और पार्थिव शिवलिंग महारुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। हजारों की संख्या में शिव भक्तों ने हवन में आहुतियां डाल कर शिव भोले का गुणगान किया। शनिवार को अखंड भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आचार्य आशीष शर्मा ने कहा कि शनिवार को मैहरे, गारली, बिझड़ी, समताना, महारल, जमली, घरयानी, रैली, चकमोह, सोहारी और अन्य गांवों में भंडारों का आयोजन किया जाएगा। मंदिरों में रात को शिव गुणगान और जागरण का आयोजन किया जाएगा।



बॉक्स:
आदिशिव धाम में विशेष कार्यक्रम

सुजानपुर(हमीरपुर)। देवों के देव महादेव का पवित्र त्योहार महाशिवरात्रि शुक्रवार को सुजानपुर में धूमधाम के साथ मनाया गया। भोले के जयकारों से शहर के तमाम देवालय गूंज उठे। सुजानपुर के आदियोगी शिव धाम मंदिर प्रांगण, कांगड़ा शैली पर आधारित नर्वदेश्वर मंदिर, काली माता मंदिर सहित तमाम मंदिरों में इस दिन को विशेष कार्यक्रम आयोजित हुए। मंदिर में भोले का विशेष रुद्राभिषेक करवाया गया। इसके साथ-साथ तमाम देवालयों में फलाहारी प्रसाद भी वितरित किया गया। सुजानपुर के वार्ड नंबर छह शिव मंदिर प्रांगण में शनिवार को विशाल भंडारा आयोजित होगा। दाड़ला पंचायत के उपप्रधान जगन कटोच ने कहा कि आदिशिव धाम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है। नर्वदेश्वर मंदिर में लोगों को फलाहारी प्रसाद, साबूदाना, सिंघाड़े की खीर, आलू और कद्दू का हलवा बांटा गया।



बॉक्स

शिव मंदिर मुक्तिधाम बेला में जंगम शिव जागरण की रही धूम

नादौन(हमीरपुर)। शिव मंदिर मुक्तिधाम बेला में शुक्रवार को हरियाणवी जंगम शिव जागरण की धूम रही। दिन भर जंगमों ने एक से बढ़कर एक शिव भजन गाकर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। मंदिर के पुजारी सुनील शर्मा ने कहा कि शिव भोले की महिमा का गुणगान सुनने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे। लवणेश्वर महादेव मंदिर नादौन में महाशिवरात्रि के अवसर पर दिनभर भारी भीड़ रही। मंदिर कमेटी के वरिष्ठ सदस्य आशुतोष शर्मा ने कहा कि आगामी 17 मार्च रविवार को शिवरात्रि का भंडारा मंदिर परिसर में आयोजित किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें