लदरौर (हमीरपुर)। लदरौर स्थित संतोषी माता मंदिर खुथड़ी में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 15 लाख रुपये की लागत से शिव मंदिर के गुंबद का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इससे शिवलिंग धूप और बारिश से सुरक्षित रहेगा।
वहीं, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए लगाई गई लिफ्ट का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। इसका संचालन 13 अक्तूबर को शुरू किया जाएगा।
13 अक्तूबर मंगलवार को बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के महंत श्रीश्री 1008 महेंद्र राजगिरी गुंबद का शिलान्यास करेंगे। इसी दिन मंदिर परिसर में माता की चौकी भी आयोजित होगी, जिसमें चार कलाकारों की टीमें माता की महिमा का गुणगान करेंगी।
संतोषी माता मंदिर पांचवीं मंजिल पर स्थित है। ऐसे में बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों को सीढ़ियां चढ़कर दर्शन करने में परेशानी होती थी। श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मंदिर कमेटी ने लिफ्ट लगवाई है। इसके शुरू होने से श्रद्धालुओं को आवाजाही में सुविधा मिलेगी। लिफ्ट 24 घंटे संचालित की जाएगी।
कोट
मंदिर में क्रमबद्ध तरीके से विभिन्न विकास कार्यों को करवाया जा रहा है, ताकि दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
-बलवंत सिंह, प्रधान, संतोषी माता मंदिर कमेटी