पात्र वोटर अब 30 अप्रैल तक कर सकते हैं पंजीकरण, पूर्व में 29 फरवरी तक था समय
कमेटी के गठन के लिए प्रदेश में पंचायती राज विभाग के निदेशक को बनाया है कमिश्नर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नए बोर्ड के गठन के लिए मतदाता सूची तैयार करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इसके लिए पात्र मतदाता 30 अप्रैल 2024 तक पंजीकरण कर सकते हैं। पूर्व में इसकी अंतिम तिथि 29 फरवरी निर्धारित की गई थी। अब इसके लिए समय बढ़ा दिया गया है। अब पंजीकरण 30 अप्रैल तक होगा।
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के गठन के लिए हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज विभाग के निदेशक को कमिश्नर बनाया गया है। मुख्य आयुक्त गुरुद्वारा चुनाव पंचायती राज विभाग के निदेशक ने हिमाचल प्रदेश के निर्वाचन क्षेत्र शिमला के तहत आने वाले क्षेत्रों जिला चंबा, जिला हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल स्पीति, शिमला, सोलन व ऊना को भी अपने क्षेत्र में आने वाले मतदाताओं को 30 अप्रैल तक अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए सभी डीपीओ, एडीसी, एसडीएम संबंधित लोगों का पंजीकरण करवाने का कार्य सुनिश्चित कर रहे हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी भारत में मौजूद संस्था है, जो गुरुद्वारों के रखरखाव के लिए उत्तरदायी है। इसका अधिकार क्षेत्र तीन राज्यों पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश तक है। संघ शासित क्षेत्र चंडीगढ़ भी इसमें सम्मिलित है। 18 वर्ष से अधिक आयु के सिख पुरुष और महिला सिख मतदाता इसके लिए पंजीकृत होते हैं।
कोट
जिला पंचायती राज विभाग हमीरपुर की डीपीओ शशि बाला ने कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नये बोर्ड के गठन के लिए मतदाता सूची तैयार की जानी है। इसके लिए जो पात्र वोटर हैं वह 30 अप्रैल तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। पूर्व में 29 फरवरी तक का समय दिया गया था।