हमीरपुर। जिला हमीरपुर के सात शराब ठेकों को सील कर दिया गया है। अवैध शराब के मामले में राज्य कर एवं आबकारी विभाग के संयुक्त आयुक्त के आदेश पर हमीरपुर एक्साइज विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की है। जिन शराब के ठेकों को सील किया गया है, उनमें टौणीदेवी, ऊहल, गवारडू, कलंझड़ी, पुंग खड्ड, कुठेड़ा और चौकी शामिल हैं। आगामी आदेशों तक इन ठेकों पर शराब की कोई बिक्री नहीं होगी।
विभाग ने जिलाभर के शराब ठेकों के निरीक्षण के लिए तीन टीमों का गठन किया हुआ है। यह टीमें जिलाभर के शराब ठेकों का निरीक्षण कर रही हैं। बुधवार को एक्साइज विभाग ने जिले के तीन शराब ठेकों से बिना परमिट 76 पेटियां अंग्रेजी शराब की बरामद की थीं। जिस कंपनी की शराब इन ठेकों पर बरामद हुई, उसे 31 मार्च 2022 के बाद हिमाचल में बेचने की अनुमति नहीं है। शराब के अवैध कारोबार पर विभाग ने रिपोर्ट बनाकर संयुक्त आयुक्त मंडी से इस मामले में आगामी कार्रवाई के लिए लिखा था। वीरवार को उच्चाधिकारियों ने संबंधित शराब ठेकेदार के क्षेत्र में चल रहे सातों शराब ठेकों को सील करने के आदेश पारित किए। एक्साइज विभाग की इस कार्रवाई से जिले के अन्य शराब ठेकों के संचालकों में हड़कंप है। उधर, उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी विशाल गोरला ने बताया कि विभाग ने जिलाभर के शराब ठेकों के निरीक्षण के लिए तीन टीमों का गठन किया हुआ है। यह टीमें ठेकों का निरीक्षण कर रही हैं। बुधवार को तीन शराब ठेकों पर बिना परमिट अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिस पर रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी थी। उच्चाधिकारी से संबंधित शराब ठेकेदार के सात ठेकों को सील करने के आदेश जारी हुए हैं।
मौहीं में 11 बोतलें शराब बरामद
हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत पुलिस ने मौहीं गांव में एक दुकान से 11 बोतलें अवैध शराब की बरामद की हैं। सदर थाना की एक टीम बुधवार रात को मौहीं में गश्त पर थी। रात करीब 9:30 बजे गुप्त सूचना के आधार पर जसवीर सिंह निवासी गांव बल्ह डाकघर मौंही तहसील व जिला हमीरपुर की दुकान से 11 बोतलें अंग्रेजी शराब बिना लाइसेंस या परमिट के बरामद की गईं। एसएचओ राजेश कुमार ने कहा कि मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।