हमीरपुर में बारिश के दौरान भीगती युवती, कुछ लोगों ने दुकानों के बाहर ली शरण।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। जिले में सोमवार को अंधड़ ने खूब तबाही मचाई। कई क्षेत्रों में बारिश से तापमान में गिरावट भी आई है। बारिश से पहले चले अंधड़ से हमीरपुर बस अड्डा के सामने सेल्फी प्वाइंट उखड़ गया।
नादौन में अंधड़ के कारण उड़ती टीन शीट की चपेट में आने से धर्मशाला निवासी घायल हो गया। उनके सिर में आठ टांके लगे हैं। बाजू को भी चोट लगी है। घायल व्यक्ति नादौन अस्पताल में उपचाराधीन है। वह नादौन में रिश्तेदारों के घर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने आया था। शाम को नादौन बस अड्डा गया था।
इस दौरान अंधड़ से उड़ी टीन की शीट उसके सिर और बाजू पर गिर गई। इससे वह घायल हो गया। इसके अलावा गांधी चौक हमीरपुर पर कई भवनों के ऊपर लगे करीब छह होर्डिंग फटकर अंधड़ के साथ उड़ गए।
दियोटसिद्ध-बिझड़ी सड़क पर अंधड़ के कारण चीड़ का पेड़ गिर गया। इस कारण सड़क पर यातायात अवरुद्ध हो गया। सोमवार शाम को चार बजे गिरे पेड़ को लोगों के सहयोग से शाम पांच बजे हटाया गया। इसके बाद आवाजाही सुचारू हुई। वहीं अंधड़ शुरू होते ही जिला मुख्यालय में बिजली का कट लग गया।
करीब आधा घंटा बिजली गुल रहने से लोगों के काम प्रभावित हुए। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में भी बिजली के तार पर चीड़ के पेड़ गिरने से कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। अंधड़ और बारिश के बाद लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत तो मिली है। अंधड़ के कारण नुकसान भी हुआ है।
बारिश के दौरान खाली हुआ गांधी चौक हमीरपुर।- फोटो : Hamirpur-HP
सोमवार दोपहर बाद हमीरपुर में छाये बादल।- फोटो : Hamirpur-HP