हड़ेटा-गहलियां संपर्क सड़क का टूटा हिस्सा। स्रोत : जागरूक पाठक
गलोड़ (हमीरपुर)। भारी बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग उपमंडल धनेटा के तहत हड़ेटा-गहलियां संपर्क सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। खड्ड में उफान आने से कॉजवे के नीचे मिट्टी का कटाव होने के कारण सड़क की नींव खोखली हो गई और स्लैब हवा में लटक गया।
सड़क का एक अन्य हिस्सा भी धंस गया है। सड़क बंद होने से हड़ेटा, गहलियां समेत छह गांवों के लोगों को परेशानी हो रही है। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और किसानों को कई किलोमीटर लंबे वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही करनी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी देवराज, विजय, ओम प्रकाश चंद, विजय कुमार, राज कुमार और विधि चंद ने विभाग से जल्द सड़क बहाल करने की मांग की है। वहीं, लोक निर्माण विभाग धनेटा के सहायक अभियंता अमन कुमार ने कहा कि बारिश से सड़क को नुकसान हुआ है और जल्द मरम्मत कार्य करवाया जाएगा।