डिडवीं में वाहनों की टक्कर पर क्षतिग्रस्त एक वाहन। स्रोत : जागरूक पाठक
भोरंज(हमीरपुर)। पुलिस थाना भोरंज के तहत चमयाट गांव के पास शुक्रवार को एक निजी बस और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव जिजवीं निवासी 57 वर्षीय प्रताप चंद अपनी पत्नी राजो देवी के साथ स्कूटी पर बस्सी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस्सी से अवाहदेवी जा रही एक निजी बस के साथ चमयाट के समीप यह दुर्घटना हो गई। टक्कर में प्रताप चंद का पैर बस के पिछले टायर की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल बस्सी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स रेफर कर दिया गया। प्रताप चंद भरेड़ी में दर्जी का काम करते हैं और दुकान के लिए ही जा रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी बलबीर ठाकुर ने की।