हमीरपुर। जिलेभर के स्कूला के प्रमुखों को हर माह स्कूल परिसर में पानी की गुणवत्ता का प्रमाण देना होगा। माह की पहली तारीख को स्कूलों में पानी गुणवत्ता का प्रमाण पत्र उपनिदेशक कार्यालय में सबमिट करना होगा। प्रमाण पत्र सबमिट न करवाने वाले स्कूल प्रभारियों को प्रारंभिक शिक्षा विभाग की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस में प्रभारियों को प्रमाण पत्र सबमिट न करने का कारण स्पष्ट करना होगा। इस बारे में उपनिदेशक कार्यालय दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जिले में दूषित पानी के कारण फैल रहे जल जनित रोगों से बचाव को लेकर विभाग ने स्कूल प्रमुखों को नियमित तौर पर स्कूलों में साफ सफाई रखने,पानी की टंकियों की नियमित सफाई,पानी की गुणवत्ता की सैंपल रिपोर्ट जमा करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और स्कूल में जलजनित रोग फैलने की आशंका न रहे। स्कूलों में छुट्टियों के दौरान भी सफाई कर्मचारी नियमित तौर पर पानी की टंकियों की देखरेख करेंगे ताकि स्कूल लगने पर विद्यार्थियों को साफ पानी उपलब्ध करवाया जा सके। जिला मुख्यालय से सटे स्वाहल स्कूल में पीलिया के मामले सामने आने के बाद विभाग ने यह निर्देश जारी किए है ताकि पानी की गुणवत्ता से स्कूलों में कोई समझौता न हो।
कोट
स्कूल प्रमुखों को हर माह की पहली तारीख को स्कूलों में पानी गुणवत्ता का प्रमाण पत्र उपनिदेशक कार्यालय में सबमिट करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का पालन न करने वाले प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कमल किशोर, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग हमीरपुर।